Saturday, July 24, 2010

थोडा जीवन...

अधूरा सा है सब कुछ...
कोई गहराता अँधेरा हूँ मैं।
दौड़ रहे हैं सबलोग...
जाने क्यूँ ठहरा हूँ मैं॥

क्यूँ जो एक टीस सी है,
दिल से हटती ही नहीं...
पीड़ा की अमरबेल है कोई,
उम्र घटती ही नहीं॥

आंसूं खारे पानी से...
ज्यादा कुछ लगते नहीं,
दिल नमक का दलदल है...
फूल यहाँ उगते नहीं॥

तनहाइयों के दिन बरस,
मिल मिल के पत्थर बन गए...
सपनो के कोरे कागज़ पे,
पसीने रिस के अक्षर बन गए॥

बस एक तलाश है की...
एक हाथ बढ़ के थाम ले,
आंसू आँखों से पोंछ ले,
और शायद मेरा नाम ले...

वैसे महंगा लगता है,
पर सौदा सच में सस्ता है...
इस "शायद" और "सपने" के बीच,
थोडा "जीवन" तो बसता है...

Friday, July 23, 2010

एक कविता निराशा के नाम...

मुझे मुहब्बत है...
हाँ मैं मुहब्बत करता हूँ॥
और इसी में बेबस॥
दिन रात जीता मरता हूँ॥

इस मुहब्बत का हासिल कोई नहीं,
जानता हूँ मैं...
इसके दोगले चरित्र को
पहचानता हूँ मैं॥

साथ इसके चला हूँ,
पहले भी॥
ये बला ख़ुशी तो लाई...मगर॥
फिर वो तन्हाई...हाय तन्हाई...

थका, टूटा, हारा, गिरा,
फिर से पकड़ा उसी रस्सी का सिरा॥
उन्ही रास्तो पे फिर चला,
जाने कितने हादसों में पला॥

टूटे कांच की किरचें
आँखों में धंसी हैं,सपने बिखरे हैं॥
मगर फिर भी एक नए ख्वाब के,
जाने क्यूँ अक्स उभरे हैं..

हाँ, मुहब्बत है मुझे...
उन बेकार जानो से॥
जिन्होंने सुबह देखी नहीं॥
ज़मीं या आसमानों से॥

मुहब्बत मुझे उनसे भी है...
जिनके बेदाग रूह॥
बेस्वाद बिस्तरों पे सज सजके
उकता चुके..पर क्या करें॥

मुहब्बत तो एक फिकरा हैं न॥
भटकती बेचारी जान का॥
बस विरानो में गूंजती आवाज़ है ये॥
न कोई सिलसिला पहचान का॥

और हाँ..कमबख्त मुहब्बत
बिकती भी है॥
कम से कम दामो में॥
हर एक जगह..विरानो में दुकानों में॥

अरे हाँ...किस्सा बीच में ही छूट गया॥
की मुझे मुहब्बत है।
थोड़ी खुद से भी है...
झूठ नहीं बोलूँगा॥

तो! क्या करें...ज़माना पूछता है,,
और मेरे दिल में जैसे कांच सा टूटता है।

कभी सोंचता हूँ..खरीद लूं..
उस बे इमान ज़मीर को चल के॥
जिनके रास्तों में आजकल॥
नए प्यार के चिराग हैं जलते॥

पर क्या करूँ, कायर हूँ मैं
गुज़रे वक़्त की गलियों में भटका,
एक गरीब गुमनाम शायर हूँ मैं...

मेरी मुहब्बत बेकार है...
बीते कल के खाने की तरह॥
मेहमान जो आते हैं कभी,
तो लौट के जाने की तरह...

मगर मैं जानता हूँ,
इस दौर का सच भी पहचानता हूँ।
मुहब्बत तो बस एक खेल है यहाँ,,
जीत का और हार का॥

आंसूं और आँहो का मतलब
समय नए व्यापार का...

ये युग पाखंडी काल छली है॥
हर चेहरे पे है एक चमकीला पर्दा...
हर दिल एक संकरी तंग गली है...





Sunday, June 13, 2010

तन्हाईयां

सहर क्या है, धूप की चुभन,
भाग दौड़, परेशानियाँ...
रात क्या है, यादों की जलन,
वीरानियाँ,वीरानियाँ।

टूटता हूँ, समेटता हूँ॥
फिर से टूट जाता हूँ,
रात-दिन दौड़ता रहता हूँ,
मगर पीछे छूट जाता हूँ.

ये छूटना तकदीर है,
बेकार हैं, हैरानियाँ॥
ये हारना सबक है...
मेहरबानियाँ,मेहरबानियाँ।

घूमता हूँ, शब्-ओ-सहर,
उम्मीदों के पहनके चीथड़े,
ख्वाबों के फूल बासी हैं,
कोई तितली उनपे क्यों उड़े॥

सुबह के हाथ छोटे हैं, मगर
लम्बी हैं,काली परछाईयां,
हर तरफ भीड़ बेशुमार पर,
तन्हाईयां,तन्हाईयां.....

Thursday, June 10, 2010

a fun poem for all special dozers...

I am dozing...its so much fun...
opening half an eye to look around,
pretend to be awake with bloodshot eyes,
keeping the secret no one ever found.
doze till I jolt my head..and made it spun...
its so much fun.

dropped my phone on floor, it cracked...
broke eleventh mug of coffee this week...
didn't hear a thing when my neighbor got wacked...
spilled water thrice around...
ah! loo is the only place to run...
its so much fun.

my pad make bizarre sounds,
my pen poked my eyes thrice..
but till my boss also snoozes in the corner,
who cares for the price.
till he wakes up and fires the gun,
dozing in office is so much fun..

I am dozing in office...its so much fun.

Tuesday, May 25, 2010

एक ह्रदय है...

एक ह्रदय है आकुल व्याकुल समय की सीमाओं से दूर,

पल में हँसता गाता है फ़िर पल में टूट के होता चूर॥

कितने सपने स्वच्छ मनोरम

सुंदर रंगों से भरपूर,

इस पल दोनों हाथ लुटाता

और अगले पल मौन,मजबूर।

कभी जगत को साथ हंसाये,

कभी बने निष्प्राण,क्रूर,

जब भी घावों को मरहम

देता ख़ुद पाता है एक नासूर।

उसकी पीड़ा कौन सुने अब

अपने आप में सब मजबूर,

रोली चन्दन न बन पाया,

बनने को सक्षम था सिन्दूर,

वही ह्रदय है आकुल व्याकुल, समय की सीमाओं से दूर..

Monday, May 10, 2010

मिट जाना चाहता हूँ.

टुकड़े टुकड़े जोड़ रहा हूँ,
बस एक तेरी तस्वीर बनाना चाहता हूँ.

चिपका पड़ा हूँ सूखी मिटटी सा झील के कगार पे,
तुम टूट के बरसो सावन सा...
घुल के बह जाना चाहता हूँ।

अंजुली भर गर्व था,हथेलियों से रिस गया,
बचा कुछ अभिमान भी था,
जीवन की सड़क पे जूते सा घिस गया।
अब बची है बस वो आस, की तुम शायद समेट लोगी,
सूखे फूल से झरती पंखुडियां...

मै गहन रात्रि में बिन प्रकाश,
खुद दिए सा जलता हूँ.....
तुम फूटो सुबह का सूर्य बनके....
मै बुझ जाना चाहता हूँ।

एक इबारत लिख दो नयी,
चटक रंगों से जीवन के कागज़ पर,
मै उस कागज़ का नीरस, श्वेत विस्तार लिए...
मिट जाना चाहता हूँ॥

टुकड़े टुकड़े जोड़ रहा हूँ,
बस एक तेरी तस्वीर बनाना चाहता हूँ.

Monday, May 3, 2010

अब कहाँ चलें,
अब कहाँ रुकें।
कहाँ वो आशियाँ,
कहाँ वो वादियाँ॥

सब लोग चुप हैं...
सब परेशां,
सब हैरान हैं,
कहाँ कहकशां!

खुद में खोये सभी,
ख़ुदा रूठा हुआ॥
एक डर हर सु,
दिल में बैठा हुआ.

काली आंधियां चले,
तेजाब बरसता॥
कही तसल्ली नहीं,
हर शख्स तरसता॥

किस आबो हवा में,
प्यार लेके चले?...
हर वक़्त,हर जगह॥
कब तक जलें??

चलो कहीं रुक जाएँ,
थक चुके चलके..!
कितने आंसू तेरे मेरे,
रात दिन छलके!!!