Tuesday, August 23, 2016

ज़रूरी है


राख़ में चिन्गारी रहे, ये ज़रूरी है,
हिम्मत में लाचारी रहे ये ज़रूरी है.

हर चीज़ हवा में उड़े अच्छा नहीं ये,
इमान कुछ भारी रहे, ये ज़रूरी है.

हूकूमत जीने नहीं देगी ये रिवायत है,
पर मुखा़लफ़त जारी रहे ये ज़रूरी है.

जो डर हटा तो जानवर घर में घुसेंगे,
कहीं कहीं पे शिकारी रहे ये ज़रूरी है.

मय छोड़ी तो अहबाब घर नहीं आते,
थोड़ी पीने की बीमारी रहे ये ज़रूरी है.

कमबख़्त जवां क्यू़ं हुई बेटी की जात,
अब बच के बेचारी रहे, ये ज़रूरी है.

वो जो कहे़ं वो सच, हमें बोलना मना,
कुछ तो रायशुमारी रहे, ये ज़रूरी है.

सदाओं के उस पार कोई छूट गया है


सदाओं के उस पार कोई छूट गया है,
और आवाज़ का हर पुल भी टूट गया है.

मानूस हुआ दिल जिसपे वो तिलिस्म था,
छुआ तलक नहीं मगर सब लूट गया है.

ज़ख़्म--हिज़्र में चार रातें बेकली की थीं,
फ़िर वो ज़ख़्म पका और अब फूट गया है.

कौस--कज़ा पे एक बैरूनी सी रंगत है,
मेरे आसमाँ से आजकल वो रूठ गया है.

किसको मतलब है

तुम सुधरो कि न सुधरो, किसको मतलब है.
कमाओ, मांगो या लूटो, किसको मतलब है.
करो किसी की मदद या बस खुदगर्ज़ी पालो,
अपना बुत ख़ुद लगवा लो, किसको मतलब है.

एक तुम्हारी बात रहे, बाकी सब बकवास,
विरोध करे, उसे उठवा लो, किसको मतलब है.
विनाश के बीज बिखेरो सबके खेतों में,
मीठे फ़ल सारे रखवा लो, किसको मतलब है.

शतरंज की बिछी बिसात, तुम कैसे भी जीतो,
खेल तुम्हारा साफ़ नहीं, किसको मतलब है.
जग भोगो और मिटा दो जो न भोग सको,
सत्ता, शक्ति, धन बोले तो किसको मतलब है.

अहंकार हो अलंकार, छल बल बने तुम्हारा,
तुम पूर्व को पश्चिम बोलो, किसको मतलब है,
अवाम ने वैसे ही रेत पे लिखी फरियादें,
नदी मिटाये, तुम मिटा दो, किसको मतलब है.

Monday, June 6, 2016

तू है मेरे आस-पास

मुझसे कहाँ तू खो गया,
बहुत जागा था शायद,  सो गया. 
लिपट के मुझसे रहता था. 
कहाँ कभी ग़म कहता था.
इस बेपनाह शोर में तू मौन था.
अब समझा है दिल ने, तू कौन था.

लगता है आज भी तू मुझसे लड़ेगा,
मेरे साथ ही घर की सीढ़ियां चढ़ेगा,
परछाइयों के पार तू दुबका हुआ,
मुझपे लपकने को है ठिठका हुआ.
मेरी हंसी की पोटली तू साथ ले गया,
जिसपे फिसलता था, वो हाथ ले गया.

मगर तू है मेरे ही आस-पास,
नहीं मिटा सकता कोई तेरी सुवास.
शाम जैसे ही दरवाज़े पे आती है,
वही कांसी दो आँखें चमक जाती हैं.
मेरी सदाओ में तेरा वजूद है.
मेरे लिए हर वक़्त तू मौज़ूद है. 
 

Monday, February 29, 2016

ख़ामोशियाँ

चली जाती है दुल्हन सी रात...
रफ़्तार में ख़म एक डाले हुए,
मसले फूल चिपकाये दामन से,
ढलका आँचल संभाले हुए

क्या ज़िन्दगी है...वाह!!
रात है, शराब भी और तन्हाई,
फ़िक्र ज़माने की भी नहीं,
न ही अहसास-ए-रुसवाई।
 
सब हासिल है तो फिर क्यूँ ...दो पल का सुकून एक ख़्वाब है?
क्यूँ जिस्मो के करवट लेते हुए...
दिल में उठती एक आग है. 

कभी नयी दुल्हन सी शब,
मुझे देखकर के हंसती है,
कभी ये काली सन्नाटी रात,
नागिन बनके डसती है.

फिर भी कहीं कुछ ज़िंदा है,
जो बार - बार दुहराता है,
तू कल के ग़म आज न पाल,
जो आना है, वो आता है.

कौन जाने अगले पल का सच,
ये जिस्म कल रहे न रहे,
ये रूह ग़म के भंवर में गिरे,
और गहराइयाँ सहे न सहे.

अभी तो निकाल दिल से,
चल निकाल सब मायूसियां,
ये रात जी ले,गुनगुना ले कुछ,
कल तो फिर वही, ख़ामोशियाँ।  

Wednesday, January 6, 2016

दिलासे...

मैं जानता हूँ वो सारे लफ्ज़
दिलासों वाले,
सारे मशहूर नुख्ते और सलाह
लोग देते रहते हैं हर वक़्त मुझे,
ये सब, और कुछ न कुछ नया.
 "अरे, क्यों उदास हो?"
 "क्या हुआ है तुम्हे?"
 "अरे यार, खुश रहा करो..."
 "सब ठीक तो हैं...?"
 "सब अच्छा होगा... देखना"
और हाँ!!
 "भगवान पर भरोसा रखो..."

रखा था मैंने,
भरोसा और हिम्मत,
ख़ुशी और उम्मीद बचाकर
किसी तरह बरसों तलक,
अचार की तरह,
दिल के बंद मर्तबानों में,
नमी और हवा से दूर.

मगर अब देखता हूँ,
जाने कैसे, उन सारी उम्मीदों को,
सीलन लग गयी,
हिम्मत की लकड़ियाँ भी,
दीमक खा चुके हैं.
खोखली बज रही हैं,
ख़ुशी की वो दीवारे भी,
जो बड़ी कोशिशो से, खड़ी की थी.

पता नहीं ये कैसे हुआ?
कब भर गयी उन मर्तबानों में,
इतनी नमी, रेत, गर्द और नमक,
जो सब गला चूका है अब.

बस एक चीज़ अब तक बची है,
साबुत और मज़बूत,
मुंह चिढ़ाती है, सब नमक के सैलाबों को,
सलाह और मश्विरों को.
वो सब हौसले की गप्पो पर,
और प्रार्थना की खुशफहमी पर,
बेशर्मी से हंसती है.

और कहती है,
 "कमबख्त कहीं का...."
 "मैं बस एक ही तेरी सखी यहाँ"
 "अब तो दामन थाम मेरा..."

वो है मेरी दोस्त, उदासी,
कभी नहीं बदली है वो....!!

Wednesday, December 30, 2015

भीड़

"ज़रा चलो मेरे साथ,"
बस...  इतना कहा था मैंने
धीमे से, शराफत से,
और एकदम से,
वो शख्स दूर गया, कुछ बोला सबसे,
और जल्द ही,
सारी भीड़ छंट सी गयी.

फिर कानाफूसी,
घूर के देखने लगी कुछ लड़कियां,
कुछ लड़के आँखे दिखाने लगे।
एक सवाल था सबके चेहरे पर,
"कौन है ये सरफिरा ?"
"कोई गुंडा, पागल?"
"या, रेपिस्ट हुआ तो?"
"कैसे साथ चलने को कह रहा था,"
"कमीना,"

"हाय राम क्या करूँ अब?"
"पुलिस को फोन??"
"या... खुद ही ???"
"नहीं.  ये सेफ नहीं होगा."
"सबसे सेफ है, "
"यहाँ से चुपचाप खिसक लेना."

सब सवाल देख  रहा था मैं,
उन सभ्य लोगों के सहमे चेहरों पर,
और फिर मुझसे नहीं  रहा गया,
छँटती हुई उस भीड़ को देखा,
और आखरी बार चीख कर कहा,
"अरे सुनो तो, साथ चलो मेरे,"
"वहां, सड़क की दूसरी ओर,"
"वहां एक लड़की, अकेली ज़ख़्मी,"
"बेहोश पड़ी है, मदद कर दो प्लीज,"
"उसे अस्पताल ले जाना हैं...."

मगर,
मेरा पहला शराफत वाला प्रयास,
घातक निकला,
भीड़ अब तक काफी दूर जा चुकी थी.
शरीफ लोगों की भीड़.