Monday, March 23, 2020

प्रकृति

कभी सुनी है तुमनें, सन्नाटे की सारंगी?
कभी सुना क्या, झरनों के आशिर्वाद को,
कभी सुना गर्मियों की दुपहर,
पीपल की धौंकती साँसें?
कभी पहचान पाए क्या,
गुड़हल के पौधे पे खिलती पहले फूल की किलकारी?
तुम चले बहुत, तुमनें देखा बहुत,
तुमनें जीता बहुत, तुमनें पाया बहुत.
पर तुमनें सुना नहीं कभी, प्रक्रृति के वो स्वर,
जो तुम्हें बुलाती रही,
अकेली रह गई बूढ़ी माँ की तरह.
अगर अब भी चाहो, तो मुड़ सकते हो,
कुछ समय को.
नहीं तो थोड़ा ठिठक कर हीं सुन लो कभी.
वो बूढ़ी वैसे हीं बैठी है सदियों से,
तुम्हें पुकारती.

Monday, February 4, 2019

गीत


मेरे घर सजी महफ़िल है,
तुम आ सकोगी क्या?
मैं जो तराना बोलूंगा,
तुम गा सकोगी क्या?

तुमनें जिसको चाहा,
उसे तुमने पा लिया.
जो तुम्हारा ना‌ हुआ,
उसे‌ पा सकोगी क्या?

एक हुस्न है तुम्हारा,
एक हुस्न ए ख़ुदाई है.
बादल बन‌ आसमां पे
तुम छा सकोगी‌ क्या?

हमदर्दी और बात है,
हम कदमी कुछ और,
मेरे संग सूखी ‌रोटियाँ
तुम खा‌ सकोगी क्या?

लोग बहुत हैं हर तरफ़
साफ़ तुम दिखती नहीं.
जो भीड़ आ चुकी है,
तुम हटा‌ सकोगी‌ क्या?

मेरी आंखों में जो है,
दरिया नहीं सैलाब है.
इन उमड़ते पानियों में,
तुम नहा सकोगी क्या?

तुमने रास्ते बनाऐ थे,
पर रौशन नहीं किये.
इन‌ अंधेरे रास्तों से,
कहीं जा सकोगी क्या?

ग़ज़ल


ज़ख़्म छू भर दिया‌ और आराम है,
शायद उसका चारागरी का काम है.

पहले पहल कुछ बेख़ुदी सी देती थी,
अब बस शराब नाम की बदनाम है.

मुद्दतों बाद‌ दावत का‌ मज़ा आएगा,
सुना फ़र्श़ पे बिठानें का इंतज़ाम है.

इक नज़र में फ़ना होके क्या मिला,
वो क्या बताएगा जो ख़ुद क़ुर्बान‌ है.

ग़ज़ल


परचे पे‌ लिख कर नाम बढ़ा दिया होता,
काश मैंनें तुझको दिल दिखा दिया होता.

तू यक लख़्त आई सामनें तो पिघल गया,
वक्त देती तो ख़ुद को पत्थर बना दिया होता.

मैं आवारगी की धुंध में इस कशमकश में हूं,
तूने कांधे पे हाथ रख के समझा दिया होता.

आती ज़रूर ग़ज़ल सी एक शब तेरी गली,
तूनें मेरे लफ्ज़ों को ग़र मौका दिया होता.

ग़ज़ल


ना करुँगी मुहब्बत, ये कहती रही,
मेरी ख़ता,बेवफ़ाई भी सहती रही.

इन आँखों में पानी मिला हीं नहीं, 
नदी बरसों यूँ पलकों से बहती रही.

छत सितूनों पे खड़ा मुकम्मल रहा, 
पर दिवार थी सीली वो ढहती रही.

मेरा दिल है वीराँ, ये सबको बता, 
वहाँ दुनियाँ से छुपके तू रहती रही. 

ग़ज़ल


सोने चाँदी मिले नहीं, अश्कों के मोती खो दूं क्या?
इक ज़रा‌ सा दिल‌ टूटा है, बस इतने में रो दूं क्या?

मेरी कश्ती नें तूफ़ां झेले, ज़मीं कहीं तब मिली‌ नहीं,
साहिल अब दिखने लगा तो ये नाव डूबो दूं क्या?

तेरी फ़ुरक़त से बहुत बड़े हैं ग़म दुनिया के,जान ले.
गुल न खिला मेरे आँगन तो कांटे हर-सू बो दूं क्या?

दिल है वो आइना जिसपे जमी है तन्हाई की धूल,
तेरी सोहबत के पानी से अब आईना धो दूं क्या?



Sunday, May 6, 2018

वक़्त गुज़रता जा रहा

वक़्त गुज़रता जा रहा मंज़र बदलता हीं नहीं,
मुझ सा मेरा दिल अकेला,साथ चलता हीं नहीं.

आज़माइशों औ' मिन्नतों में उम्र तक गुज़ार दी,
वो चाँद एक पल मेरे छत पे टहलता हीं नहीं.

बरसों से है दिल में जमा एक अदद कोह-ए-ग़म*,
धूप आती जाती है, वो यख़** पिघलता हीं नहीं.

हर दिन कई नए पुराने मिलते हैं लोग खुशनुमा,
वो एक सूरत न दिखे तो दिल बहलता हीं नहीं.

पथ्थरों के शहर में अब आँख में पानी कहाँ,
चीखें गूंजती हैं पर किसी को खलता हीं नहीं.

---
*कोह-ए-ग़म - mountain of pain and misery
** यख़ - cold/icy

दिल में एक मदारी रख

थोड़ी सी हया, थोड़ी इंकिसारी रख, 
कोई कुछ भी कहे, ये बीमारी रख. 

मिले न मिले तेरा रक़ीब तुझको, 
तू खंज़र बाँध ले, पूरी तैयारी रख. 

अदा से मांग के मदद नहीं मिलती, 
खुलके सामनें अपनी लाचारी रख. 

सही चीज़ हर जगह पे बिकती है, 
किसी सड़क पे भी तहबज़ारी रख. 

मुश्किल से अब अच्छी नींद आती है, 
संभालकर आँखों की ख़ुमारी रख. 

पता नहीं कब सड़क घर बन जाए, 
जीना हो तो दिल में एक मदारी रख. 

ग़ज़ल

काग़ज़ काग़ज़, लफ्ज़ लफ्ज़ ग़म बांट देता हूं, 
हर ग़ज़ल में तेरा नाम लिखकर काट देता हूं. 

तुम परीशां जब भी हो मुझसे बातें कर लेना, 
मैं तो लफ्ज़ों से दिलों की खाई पाट देता हूं. 

बच्चे सा है ग़म ये चंचल, इक जगह न बैठेगा, 
कभी दुलारता हूं इसको, कभी मैं डांट देता हूं. 

मेरे घर आ जाना जब आँखों में बादल उतरें,
मैं नदिया बन बहती आँखों को घाट देता हूं.


Monday, March 26, 2018

तुम...

रंगों की रिमझिम में बेदाग़ खड़े हो,
नहीं मानते कोई भी त्योहार तुम. 

कुछ भी कभी भी बदल डालते हो, 
तुम्हीं हो ख़बर और अख़बार तुम. 

इंसाफ, धन औ रोटी सब चाकर तेरे, 
तुम्हीं बाज़ार हो और व्यापार तुम. 

पर ये सूखा लहू, ये आँसू के दाग़, 
किस जल से धोवोगे सरकार तुम. 

एक क़ता

वो शम्स आज जाने क्यूं महताब हो रहा है, 
एक ख़ार-ए-दश्त फिर से शादाब हो रहा है. 
तेरा असर है ये कि बस एहतिमाल है मेरा, 
जो कुछ मैं पी रहा हूँ, सब शराब हो रहा है. 

.... 

शम्स - सूरज 
महताब - चाँद 
ख़ार-ए-दश्त - कांटो का जंगल 
एहतिमाल - शंका, आशा 

Wednesday, March 21, 2018

मैं जानता हूँ एक दिन तुम फिर मुझे बुलाओगी

जब पिघलकर स्वप्न मेरा,भोर में मिल जाएगा,
और सिलवटों में फंसा मेरा अक्स भी डराएगा,
तब तुम एक सजी चिता से फूल चुनने आओगी,
मैं जानता हूँ एक दिन तुम फिर मुझे बुलाओगी.

तुम वफ़ा के क़िस्सों औ' बातों से घबराना मत,
सड़कों, गलियों, बाग़, दुकानों से कतराना मत.
वर्ना तुम तन्हा जो हुई तो यादों से डर जाओगी,
मैं जानता हूँ एक दिन तुम फिर मुझे बुलाओगी.

वह कालचक्र तो सदा हीं निष्ठुर है, अशोक है,
किन्तु ह्रदय की वेदना का वाण भी तो अमोघ है,
उस वाण का लक्ष्य तुम,कब तलक बच पाओगी,
मैं जानता हूँ एक दिन तुम फिर मुझे बुलाओगी.

इस लोक या उस लोक, कहीं सुकूं मिल जाएगा,
पीड़ा का पर्वत ये घिसकर ख़ाक में मिल जाएगा.
मैं बनूँगा वृक्ष तो उसकी छाया में तुम समाओगी,
मैं जानता हूँ एक दिन तुम फिर मुझे बुलाओगी.

Tuesday, March 13, 2018

और चाहिए क्या !

सांस बस चलती रहे, और चाहिए क्या !
हर घर शमा जलती रहे,और चाहिए क्या.

ख़्वाब आते-जाते रहें, हों अच्छे या बुरे,
कुछ नींद मचलती रहे,और चाहिए क्या.

पाया, खोया, क्यूँ ये गुणा जमा का खेल,
माँ की दुआ फलती रहे,और चाहिए क्या.

कोख हो किसी की, हिन्दू कि मुसलमां,
बस बेटियां पलती रहें, और चाहिए क्या.

Thursday, July 20, 2017

वो लड़ता रहा, मैं पढ़ता रहा...

वो लड़ता रहा, मैं पढ़ता रहा, 
मैं ठहरा रहा, वो बढ़ता रहा.
मैं बस किस्सों में खोया रहा,
वो ख़ुद के फ़साने गढ़ता रहा.

अमरबेल सा वो फैलता गया,
तुलसी मैं,गमले में सिमटा रहा.
मैं जड़ें जमाने में खोता गया,
वो छतों, मुंडेरों पे चढ़ता रहा.

मैं रुका, मैं थका,और मैं गिरा, 
वो कंधों से कंधे मिलाता रहा. 
मैं शब्दों के मायने रहा ढूंढता, 
वो मायने शब्दों में भरता रहा। 

मैं तो सही हूं, मगर जाने क्यूं, 
जहां कल था, अब भी वहीं हूं. 
मैं छत पे दुमाला चढ़ा न सका, 
वो गगन पे सितारे जड़ता रहा।

Tuesday, November 29, 2016

गीत

तुम युग्माें की बात कराे, मैं एकाकी चलता हूँ,
तुम हीं जीवन जीती हाे, मैं ताे केवल पलता हूँ.
चेहरा तेरा चाँद सरीखा, पथ में झड़ते रहते तारे,
मैं भी सूरज जैसा ताे हूँ, किन्तु केवल जलता हूँ.

जाने कैसे तुम जूड़े में रिश्ते बाँध के चलती हाे,
आैर मैं घर या बाहर, बस आँखाें में खलता हूँ.
तुम बसंत की पहली काेंपल, सब राह तकें तेरी,
मैं बरमासी जंगली बूटी, हर माैसम में फलता हूँ.

हर दिन दिखती हाे आैर हर दिन नई लगती हाे,
विस्मित मैं तुम्हें देख, बस आँखाें काे मलता हूँ.
तुमने सुलगा दी प्रेम ज्याेति यूँ मेरे बेकल मन में,
मैं माेम ह्रदय लेके अपना, थाेड़ा थाेड़ा गलता हूँ.

Tuesday, November 15, 2016

बैठी रहती है....

आज दिल में एक वीरानी बैठी रहती है.
भूले किस्से, बात पुरानी बैठी रहती है.
खुशी के गीत सुनता हूँ, भूल जाता हूँ,
पीड़ा की हर एक कहानी बैठी रहती है.

वही मार्ग है प्रेम का, कांटाें तीराें वाला,
क्यूँ कांटाें पे टिकी जवानी बैठी रहती है?
जहाँ हाथ छाेड़ गये कितने, कितनी बार,
उसी जगह क्यूँ एक दिवानी बैठी रहती है?

इसी जगह था घर वाे, जल के खा़क़ हुआ,
लाशाें की एक गंध पुरानी बैठी रहती है,
ख़त्म हुए जल के जहाँ राैशन करने वाले,
अब साये में धूप सुहानी बैठी रहती है.

क्यूँ मीठी बाेली खाे दी सबने, याद नहीं,
हर जिह्वा पे कड़वी बानी बैठी रहती है.
नर्म बिस्तर पर रात रात जागे है दुनियाँ,
बरामदाें में नीन्द सुहानी बैठी रहती है.

Thursday, November 3, 2016

क्यूँ राेती है शब

क्यूँ राेती है शब ये, इसे चुप कराओ,
इसकाे बुलाके सुबह ताे दिखाआे,
ये ख़ुद हीं ख़ामाेश हाे जाएगी फिर,
आंसू पाेंछ डालेगी, साे जाएगी फिर.

ये सहर के ख़ाैफ़ से डरता ज़माना,
ये दफ़्तर से घर फ़कत आना-जाना,
बीमार शक्लाें पे पाेते हुए ये लतीफ़े,
मतलब के रिश्ताें के पढ़ते क़सीदे.

ये सड़क पे ज़इफ़ाें काे गाली सुनाते,
औ दुपहर काे हाेटलाें में बाेटी चबाते,
नशे में कहीं दिन-दहाड़े फिसलना,
बे-स्वाद बिस्तर पे करवट बदलना.

ये ठगी झूठ की बनती मिसालें,
दिन-ब-दिन माेटी हुई सख़्त खालें,
बटुए में कैद ये जिस्माें की धनक,
धाेके पे ताली, औ शफ़कत ग़लत.

अय्याशियाें में बीमार शतरंजी वज़ीर,
ये चिल्लम के धुँए में खाेए फ़कीर,
मुहब्बत की बाेली हरेक ग़ाम लगती,
मुफ्लिसी फुटपाथाें पे सर पटकती.

कहाँ छुप रही शब उसे बुलाओ,
ये राैशन दिनाें के मंज़र दिखाओ,
उसकाे किस्मत पे अपनी हाेगा ग़ुमाँ,
जब वाे देखेगी सूरज का काला धुआँ.

ग़ज़ल

न माैत आती है, न जिया जाए है,
भूल पाऊँ, न नाम लिया जाए है.

मशहूरियत का गु़माँ हाेता है अब,
ज्यूँ ज्यूँ काेई बदनाम किया जाए है.

हाय तिश्नगी और आब मय्यसर नहीं,
अब न ज़हर, न जाम पिया जाए है.

वाे थक गया दाे चार मेरी बात सुन,
जाे बरसाें मुझे इल्ज़ाम दिया जाए है.

समझेगा कब तू मुफ़लिसी के मायने,
कि हर राेज़ फटी जेब सिया जाए है?

Tuesday, September 13, 2016



अब बेहतर हूँ, शादाब हो गया हूँ मैं,
जब से थोड़ा सा ख़राब हो गया हूँ मैं.
 
सिफ़त मेरी कहाँ दिलों में उतरे अब,
बस लबों पे, "आदाब" हो गया हूँ मैं.
 

ग़ुरबत में दीवारें तो सारी गिर चुकीं,
बचा जो झूलता, मेहराब हो गया हूँ मैं.
 
कशीदगी ने कई बरसों यूँ बुना मुझे,
बुन-बुन के किमख़्वाब हो गया हूँ मैं.

Tuesday, August 23, 2016

ग़ज़ल


हर सुबह बे-नियाज़ और शाम सोगवार,
हयात बे-ज़ायका, बीते कल का अख़बार.

इश्क में बाज़ार और बाज़ार में ग़ुरबत,
न मिला हुस्न-ओ-जमाल न पाया रोज़गार.

सब का दर्द अपना, ख़ुद का ग़म गुनाह,
क्या-क्या सिखा गए बे-अमली बुज़ुर्गवार.

बेचतें हैं ईल्म आजकल ऊँचे दाम पर,
पुरानें सफ्हात वही, बस ज़िल्द शानदार.

ऊँची नौकरी बेसाख़्ता मज़दूरी बन गई,
न कोई दिन आज़ादी, न कोई दिन ईतवार.